चान्हों, रांची में विशेष जुबली समारोह
प्रेरितों की रानी धर्मसंघ की सिस्टर एलिजा केरकेट्टा और सिस्टर सुधा खलखो ने अपनी 50वीं स्वर्ण जयंती मनाई, जबकि सिस्टर अंकिता कुल्लू, सिस्टर इशिता कुल्लू, सिस्टर जेन सोरेंग, सिस्टर विवेका डुंगडुंग, सिस्टर नीता होंबो और सिस्टर स्नेहा चेम्पलाईल ने अपनी 25वीं चांदी जयंती मनाई। यह समारोह चान्हों पल्ली परिसर में आयोजित हुआ।
महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद का आशीर्वाद
इस अवसर पर रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने धन्यवादी मिस्सा बलिदान अर्पित किया। अपने धर्मोपदेश में उन्होंने कहा, “फलदायी होना ईश्वरीय योजना है। ईश्वर हमारी कमजोरियों और सीमाओं के बावजूद हमारे द्वारा महान कार्य करता है। इसलिए ईश्वर को धन्यवाद देना हमारा कर्तव्य है।”
धर्मबहनों को मिली शुभकामनाएं
महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने धर्मबहनों के योगदान की सराहना की और उनके स्वास्थ्य एवं उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने स्वर्ण और चांदी जयंती मनाने वाली धर्मबहनों को उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए धन्यवाद दिया।
समारोह में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस विशेष कार्यक्रम में खिजरी विधानसभा के विधायक राजेश कच्छप, उलुहातु के पल्ली पुरोहित फा. प्रफुल तिग्गा, फा. प्रदीप तिर्की, फा. सुनील टोप्पो, फा. फिल्मोन लकड़ा, फा. अमृत कुजूर सहित रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के 52 पुरोहित, विभिन्न धर्म समाज की धर्मबहनें और हजारों कैथोलिक ख्रीस्तीय विश्वासी उपस्थित रहे।
फा. प्रमोद कुजूर का अभिषेक समारोह
इस अवसर पर फा. प्रमोद कुजूर का पुरोहित अभिषेक समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें धर्मगुरुओं और धर्मसमाज के सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह ने ईश्वरीय आशीर्वाद और समर्पण की भावना से ओत-प्रोत माहौल बनाया।