सरला बिरला विश्वविद्यालय में दो दिवसीय नेशनल हैकथन, देशभर से 31 टीमें ले रहीं भाग
रांची। सरला बिरला विश्वविद्यालय के तत्वावधान में Google Developer Group के सहयोग से दो दिवसीय राष्ट्रीय हैकथन का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आई कुल 31 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को झारखंड के लिए एक अनूठी पहल बताया।

‘रांची हैक्स’ झारखंड में अपनी तरह का अनोखा प्रयोग
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक और कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने कहा कि रांची हैक्स के नाम से आयोजित यह कार्यक्रम झारखंड में अपनी तरह का अनूठा प्रयोग है। गूगल डेवलपर ग्रुप के सहयोग से इसे इतने व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे युवाओं को अपनी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल दिखाने का मंच मिल रहा है।

जीडी बिरला सभागार में प्रतियोगिता, सांसद ने बढ़ाया उत्साह
हैकथन का आयोजन विश्वविद्यालय के जीडी बिरला सभागार में किया गया है। प्रतियोगिता स्थल का अवलोकन राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने किया और प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
छात्रों को जॉब और इंटर्नशिप में मिलेगा लाभ
आयोजन समिति के सदस्य तुषार और ऋषभ ने बताया कि गूगल डेवलपर ग्रुप द्वारा झारखंड के एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में इस प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य यहां के छात्रों की प्रतिभा को उभारना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हैकथन से छात्रों को प्रायोगिक ज्ञान के साथ-साथ भविष्य में जॉब और इंटर्नशिप के अवसरों में भी लाभ मिलेगा।
2500 में से चुने गए 120 प्रतिभागी
आयोजकों के अनुसार, लगभग 2500 प्रतिभागियों में से चयनित 120 प्रतिभागी इस दो दिवसीय हैकथन में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी दिए गए प्रॉब्लम स्टेटमेंट पर समाधान तैयार करेंगे। इसमें छात्रों के साथ-साथ कार्यरत पेशेवरों की भी बड़ी भागीदारी है।
बहुराष्ट्रीय कंपनियों के विशेषज्ञ करेंगे मूल्यांकन
प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्यरत तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। ये विशेषज्ञ अंतिम दिन प्रदर्शन के आधार पर तीन सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विश्वविद्यालय के डीन डॉ. पंकज गोस्वामी, डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव और डॉ. दीप्ति कुमारी भी मौजूद रहीं।
