JSSC पर उठते सवालों के बीच मिली नई जिम्मेदारी, झारखंड सरकार ने सौंपी फोर्थ ग्रेड भर्ती परीक्षा की कमान
रांची | न्यूज मॉनिटर रिपोर्ट
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) एक बार फिर सुर्खियों में है। जहां एक ओर JSSC CGL पेपर लीक मामले को लेकर आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार ने उसे एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। सरकार ने अब झारखंड में फोर्थ ग्रेड यानी मल्टी पर्पस स्टाफ की बहाली का जिम्मा JSSC को दे दिया है।
परीक्षा के जरिए होगी भर्ती
राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि अब फोर्थ ग्रेड (मल्टी पर्पस स्टाफ) की नियुक्ति परीक्षा के माध्यम से होगी, जिसकी पूरी प्रक्रिया JSSC संभालेगा। इस भर्ती में झारखंड से 10वीं पास अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे।
छात्रवृत्ति पर सरकार घिरी, बाबूलाल बोले – “गरीब छात्रों की पढ़ाई रुकना कलंक”
संविदा कर्मियों को मिलेगा ग्रेस मार्क्स और उम्र में छूट
सरकार ने पहले से कार्यरत संविदा या दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को राहत दी है। उन्हें अधिकतम 15 अंकों तक ग्रेस मार्क्स और 10 साल तक की उम्र सीमा में छूट मिलेगी।
जैसे – अगर कोई कर्मी एक साल से कार्यरत है, तो उसे एक साल की अतिरिक्त उम्र सीमा की छूट मिलेगी।
वेतनमान और ग्रेड पे
मल्टी पर्पस स्टाफ का वेतनमान 5200–20200 रुपये और ग्रेड पे 1800 रुपये निर्धारित किया गया है। इस नियमावली को सरकार पहले ही मंजूरी दे चुकी थी, जिसे अब कैबिनेट की स्वीकृति भी मिल गई है।
पारदर्शिता पर सवाल बरकरार
हालांकि, JSSC को नई जिम्मेदारी सौंपे जाने के फैसले के साथ ही कई अभ्यर्थियों और विपक्षी दलों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि जब आयोग पर पहले से ही परीक्षा में गड़बड़ियों के आरोप हैं और मामला झारखंड हाईकोर्ट में विचाराधीन है, तो क्या यह संस्था पारदर्शिता और निष्पक्षता साबित कर पाएगी?
फोर्थ ग्रेड भर्ती से जुड़ी हर अपडेट, पात्रता मानदंड और आवेदन तिथि की जानकारी के लिए न्यूज मॉनिटर से जुड़े रहें।
