सभी एकलव्य मॉडल विद्यालय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तर्ज पर संचालित होंगे।

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर विधानसभा चुनाव

जनजातीय छात्रों की शिक्षा में गुणात्मक सुधार का लक्ष्य
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री चमरा लिंडा जनजातीय वर्ग के छात्रों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए खुद को प्रतिबद्ध बताया है। उन्होंने मोरहाबादी स्थित कल्याण कॉम्प्लेक्स पहुंचकर एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में नामांकन और शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। मंत्री ने आदिवासी कल्याण आयुक्त को निर्देश दिया कि 1 मई 2025 से राज्य के 59 एकलव्य मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 तक के जनजातीय बच्चों का नामांकन और अध्यापन कार्य सुनिश्चित किया जाए।

शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का संकल्प
मंत्री ने कहा कि पहले राज्य में केवल 7 एकलव्य मॉडल विद्यालय संचालित होते थे, जिससे हजारों जनजातीय छात्र-छात्राएं शिक्षा से वंचित रह जाते थे। अब सभी एकलव्य मॉडल और आश्रम विद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तर्ज पर संचालित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही है और इसमें सकारात्मक बदलाव लाना उनका मुख्य उद्देश्य है।

छात्रों को स्थानांतरण का विकल्प
मंत्री चमरा लिंडा ने निर्देश दिया कि जो छात्र-छात्राएं (कक्षा 9 और 10 को छोड़कर) अपने गृह जिले से दूर अध्ययनरत हैं, उन्हें अपने गृह जिले के एकलव्य मॉडल विद्यालय में स्थानांतरित करने का विकल्प दिया जाए। यह प्रक्रिया 15 से 25 फरवरी 2025 तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद रिक्तियों को अप्रैल 2025 में नए नामांकनों के तहत भरा जाएगा।

नामांकन और चयन प्रक्रिया के निर्देश

  1. शैक्षणिक सत्र 2025-26 के नामांकन की जिम्मेदारी प्रमंडलीय उप-निदेशक, कल्याण, झारखंड की होगी।
  2. चयनित छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर उनके प्रखंड, जिला या निकटवर्ती जिलों के एकलव्य मॉडल विद्यालयों में नामांकित किया जाएगा।
  3. जिन जिलों में एकलव्य मॉडल विद्यालय नहीं हैं, वहां के छात्र निकटतम विद्यालयों में नामांकन ले सकेंगे।
  4. सभी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं अविलंब सुनिश्चित की जाएंगी। निर्माण एजेंसियों से संपर्क कर नए विद्यालयों के निर्माण कार्य की तिथि सुनिश्चित की जाएगी।

शैक्षणिक कैलेंडर की प्रमुख तिथियां

  • 1, 8 और 15 फरवरी 2025: विज्ञापन प्रकाशन
  • 5 से 28 फरवरी 2025: नामांकन फॉर्म भरने की अवधि
  • 9 मार्च 2025: प्रवेश परीक्षा
  • 28 से 25 मार्च 2025: परीक्षा परिणाम की घोषणा
  • 1 से 10 अप्रैल 2025: काउंसलिंग
  • 10 से 20 अप्रैल 2025: नामांकन प्रक्रिया का समापन
  • 25 अप्रैल 2025: छात्रों का विद्यालय में प्रवेश
  • 1 मई 2025: कक्षाएं प्रारंभ

अधिकारियों की उपस्थिति
इस मौके पर अजय नाथ झा (कल्याण आयुक्त), संजय भगत (प्रोजेक्ट निदेशक, रांची), उप निदेशक धीरेंद्र सिंह, उप सचिव बिनोद बिहारी बांके सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *