केंद्रीय सभा में भविष्य की रणनीति पर बनी सहमति
आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेताओं डॉ. देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर और राजेंद्र मेहता ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी कि धनबाद के भाटिनदह जलप्रपात स्थल पर देर रात तक चली केंद्रीय सभा की बैठक में संगठन और जनता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक में पार्टी ने निर्णय लिया कि अब वह जनहित के लिए मुखर होकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। पार्टी झारखंडी जनता के मान, सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
गांव-गांव तक संगठन विस्तार का लक्ष्य
पार्टी ने ऐलान किया कि आगामी तीन महीनों के भीतर झारखंड के सभी 32,623 गांवों में ग्राम कमेटियों का गठन किया जाएगा। आजसू पार्टी के नेताओं ने कहा कि यह पार्टी संघर्ष से उपजी है और आम जनता के हित उनके लिए चुनावी फायदे से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।
पूरी पार्टी में एकजुटता का संदेश
केंद्रीय सभा की बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि पूरी पार्टी एकजुट है और विपक्ष में रहते हुए झारखंड के हितों के लिए मजबूती से खड़ी है। केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक लंबोदर महतो सहित राज्यभर के केंद्रीय सदस्य, जिला पदाधिकारी, अनुषंगी संगठन और पंचायत प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में आजसू को एक बेहतर राजनीतिक जनविकल्प के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया।
झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति का समर्थन
संवाददाता सम्मेलन में जेबीकेएसएस के वरिष्ठ नेता संजय मेहता भी उपस्थित थे, जिन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ सुदेश महतो के समक्ष आजसू की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने बताया कि झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के आंदोलन की दिशाहीनता के कारण उन्होंने आजसू का दामन थामा है।
विस्थापितों और रैयतों को निःशुल्क कानूनी सहायता
मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने बताया कि पार्टी ने कोयलांचल में विस्थापितों और रैयतों पर दर्ज झूठे मुकदमों में निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करने का फैसला किया है। प्रवीण प्रभाकर ने आजसू के 1986 से जारी संघर्ष को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज भी जनता पार्टी से संघर्ष और न्याय की उम्मीद करती है।
संघर्ष की नई शुरुआत का संकल्प
केंद्रीय सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर झारखंड के हितों के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड के राजनीतिक परिदृश्य में एक मजबूत विकल्प बनने के लिए प्रतिबद्ध है.