चाईबासा लाठीचार्ज के विरोध में आजसू, कोल्हान बंद को समर्थन.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर विधानसभा चुनाव

आदिवासी–मूलवासी विरोधी है राज्य सरकार : आजसू पार्टी

रांची। चाईबासा में पुलिस लाठीचार्ज और 21 आदिवासी आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी के खिलाफ आहूत कोल्हान बंद (पूर्वी सिंहभूम छोड़कर) को आजसू पार्टी ने समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा–कांग्रेस गठबंधन सरकार पर आदिवासी–मूलवासी विरोधी नीतियों का आरोप लगाया है।

आदिवासियों पर हो रहा दमन : आजसू
आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के शासनकाल में लगातार आदिवासी–मूलवासी जनता का उत्पीड़न बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है और यह पूरी तरह आदिवासी–मूलवासी विरोधी है।

सरकार की कार्रवाई की तीखी आलोचना
डॉ. भगत ने कहा कि भोगनाडीह में हूल दिवस के अवसर पर सिदो–कान्हु के वंशजों पर लाठीचार्ज किया गया, गोड्डा में सामाजिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की एनकाउंटर में हत्या हुई और रांची में सरना स्थल की रक्षा करने वालों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं बताती हैं कि हेमंत सरकार का रुख जनविरोधी और दमनकारी है।

खनन और माफियातंत्र पर भी उठाए सवाल
आजसू प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में माफिया तत्व बालू, कोयला और अन्य खनिजों के अवैध खनन व परिवहन में सक्रिय हैं और सरकार चुपचाप तमाशा देख रही है। डॉ. भगत ने आरोप लगाया कि यह पूरा नेटवर्क सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा है।

चाईबासा के लोगों की परेशानी भी उठाई
डॉ. भगत ने कहा कि चाईबासा में भारी वाहनों के प्रवेश से आम लोग परेशान हैं। पहले इन वाहनों पर रोक थी, लेकिन झामुमो–कांग्रेस नेताओं के दबाव में यह निर्णय वापस ले लिया गया। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी इस दमन और लापरवाही के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और आंदोलन को तेज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *