झारखंड की 14 लोकसभा सीटों के जीतने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन बार झारखंड का दौरा कर चुके हैं। चौथा दौरा उनका प्रस्तावित है। इस बीच असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिश्व सरमा आज झारखंड में कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। आज सरमा हजारीबाग, कोडरमा और धनबाद लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। डॉ सरमा रामगढ़ जिले के रजरप्पा डीएवी मैदान में 11:00 से आयोजित जनसभा में लोगों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा गिरिडीह जिले के जमुआ विधानसभा के ब्लॉक मैदान-देवरी में 12:30 बजे और धनबाद के निरसा के चिरकुंडा स्थित श्रम कल्याण केंद्र में 2.30 बजे से आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी आज कई कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। वाजपेयी आज रांची और जमशेदपुर के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दोपहर 12 बजे सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा के नीमडीह, रघुनाथपुर के ब्लॉक ऑफिस के सामने महिला लाभार्थी सम्मेलन में भाग लेंगे। इस अवसर पर लोकसभा प्रभारी बालमुकुंद सहाय, प्रत्याशी संजय सेठ, सरायकेला खरसावां जिला अध्यक्ष उदय सिंह, विधानसभा प्रभारी दिनेश कुमार भी मौजूद रहेंगे।
वाजपेयी 2:30 बजे से ईचागढ़ विधानसभा की बैठक में शामिल होंगे। बैठक पूर्व विधायक स्वर्गीय साधु चरण महतो के आवास में होगी। इस अवसर पर लोकसभा प्रभारी बालमुकुंद सहाय, प्रत्याशी संजय सेठ, सरायकेला खरसावां जिला अध्यक्ष उदय सिंह, विधानसभा प्रभारी दिनेश कुमार भी मौजूद रहेंगे।
