मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अहम मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
रांची- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई गंभीर और महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस मुलाकात की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं साझा की है।
युवाओं को रोजगार देने की पहल की सराहना
डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को नौकरी देकर मुख्यमंत्री ने पूरे राज्य में एक सकारात्मक और प्रेरक संदेश दिया है, जिसे ऐतिहासिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
बड़े पैमाने पर भर्ती के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़े पैमाने पर भर्ती की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में आवश्यक पहल करने की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के कल्याण के लिए सभी मिलकर काम कर रहे हैं, हालांकि इस दौरान कई जटिल चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है।
बजट सत्र से लेकर दावोस यात्रा तक, कैबिनेट में कई अहम स्वीकृतियां
कार्यशैली की मुख्यमंत्री ने की प्रशंसा
डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनका काम करने का तरीका उत्कृष्ट और उच्च स्तर का है। मुख्यमंत्री से मिले इस प्रोत्साहन से उन्हें नई ऊर्जा, प्रेरणा और आत्मविश्वास मिला है।
और अधिक समर्पण के साथ काम करने का संकल्प
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे आगे भी और अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे तथा अपनी पूरी क्षमता के साथ झारखंड की जनता की सेवा में लगे रहेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार की प्राथमिकता राज्य का सर्वांगीण विकास और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना है।
