रांची में ईडी की बड़ी कार्रवाई
केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम सुबह से ही रांची में छापेमारी कर रही है। इस छापेमारी का प्रमुख केंद्र आईएएस अधिकारी मनीष रंजन, कैबिनेट मंत्री मिथिलेश ठाकुर के पीएस हरेंद्र सिंह, मंत्री के भाई विनय ठाकुर और कई विभागीय अभियंताओं के ठिकाने हैं। इस बड़े ऑपरेशन से पूरे राज्य में हड़कंप मचा हुआ है।
चुनावी माहौल में ईडी की छापेमारी पर राजनीतिक रंग
झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा जल्द ही होने वाली है। ऐसे में ईडी की इस कार्रवाई को राजनीतिक नजरिये से भी देखा जा रहा है। इंडिया गठबंधन के नेता लगातार केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी इस कार्रवाई को पूरी तरह न्यायसंगत बता रही है।
झारखंड में कई घोटालों की जांच में जुटी ईडी
झारखंड में ईडी की टीम कई बड़े घोटालों की जांच कर रही है, जिनमें जमीन घोटाला, मनरेगा घोटाला और खनन घोटाला प्रमुख हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्हें 5 महीने तक होटवार जेल में रहना पड़ा। वर्तमान में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम भी होटवार जेल में बंद हैं, साथ ही कई आईएएस अधिकारी भी जेल की सजा काट रहे हैं।
