सांसद आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष, रांची में हुआ भव्य स्वागत
रांची। भाजपा ने झारखंड में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए सांसद आदित्य साहू को प्रदेश का नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। दशहरा के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने यह अहम फैसला लिया, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

शनिवार को आदित्य साहू के रांची स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान पटाखे छोड़े गए और कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।

नेताओं ने दी बधाई
प्रदेश कार्यालय में स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम, सांसद डॉ प्रदीप वर्मा, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, सरोज सिंह, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू, बलराम सिंह और जितेंद्र वर्मा मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपई सोरेन, मधु कोड़ा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी आदित्य साहू को बधाई दी। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, यदुनाथ पांडेय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, अभयकांत प्रसाद और पीएन सिंह ने भी शुभकामनाएं दीं।
बाबूलाल मरांडी का बयान
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आदित्य साहू बूथ स्तर से राजनीति की शुरुआत कर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उनके पास संगठनात्मक और संसदीय दोनों तरह का अनुभव है, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि साहू के नेतृत्व में भाजपा झारखंड में और मजबूत होगी।
आदित्य साहू का संबोधन
नए कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं को भी धन्यवाद दिया।
साहू ने कहा, “मैं कार्यकर्ता हूं और कार्यकर्ता ही रहूंगा। पार्टी की जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन कार्यकर्ता का भाव कभी नहीं बदलना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि वे संगठन को सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी बनाने के लिए काम करेंगे और राज्य की मौजूदा सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाएंगे।
अभिनंदन कार्यक्रम 4 अक्टूबर को
रांची महानगर भाजपा ने सांसद आदित्य साहू के अभिनंदन के लिए 4 अक्टूबर को जिला कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। इसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
