रांची के रातू प्रखंड में मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने बैठक की। इस दौरान आगामी लोकसभा चुनाव में रांची से कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय को वोट करने की अपील की गई। इस मौके पर मांडर विधायक ने कहा कि, चुनाव देश के संविधान और आरक्षण को बचाने के लिए है। यह लड़ाई आर और पार की लड़ाई है। अगर हम सब इसमें चूक गए तो आप अपने आपको माफ नहीं कर सकेंगे।
विधायक ने कहा कि, बढ़ती हुई महंगाई और बेरोजगारी की विकराल स्थिति में आज लोगों के सामने एकमात्र विकल्प कांग्रेस है।
इससे पहले झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने बनहोरा में 30 गांवों और पंचायतों के अगुवा लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होने कहा कि, सत्ता के मद में चूर होकर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान बदलने की साजिश रच रहे हैं। मोदी सरकार सत्ता में लौटी तो वे यूनिफॉर्म सिविल कोड को लागू करेंगे। इससे आदिवासियों की परंपरागत संस्कृति, धर्म, जीवन प्रभावित होगा। बंधु तिर्की ने कहा कि, स्वयं राहुल गांधी ने स्वीकार किया है कि, इंडिया गठबंधन की सरकार के सत्ता में आते ही न केवल सरना धर्म कोड को लागू किया जायेगा बल्कि पांचवी अनुसूची, वन अधिकार कानून, पेसा कानून आदि मुद्दों पर निर्णायक कदम उठाये जायेंगे।
बंधु तिर्की ने कहा है कि, भाजपा लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसी बातें करती है लेकिन शहरी क्षेत्र में तेजी से बदलती हुई डेमोग्राफी पर बात नहीं करती है। उन्होने कहा कि, भाजपा और उसके नेता हिन्दू-मुस्लिम, पाकिस्तान और कब्रिस्तान की बात करने लगे हैं।