अजित पवार को अंतिम नमन: धुर्वा डैम में अस्थि-कलश विसर्जन, शांति सभा का आयोजन

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर विधानसभा चुनाव

धुर्वा डैम में अस्थि-कलश विसर्जन, झारखंड राकंपा ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

झारखंड की राजधानी रांची स्थित धुर्वा डैम में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी झारखंड प्रदेश की ओर से शोक और श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र सरकार के उपमुख्यमंत्री रहे अजीत पवार की दुःखद असमय मृत्यु के बाद आयोजित किया गया।

अस्थि-कलश विसर्जन के साथ भावनात्मक श्रद्धांजलि

प्रदेश अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह के नेतृत्व में अजित दादा पवार के अस्थि-कलश का विधिवत विसर्जन धुर्वा डैम में किया गया। इस दौरान शोकाकुल वातावरण में प्रदेश अध्यक्ष ने अपने गहरे दुख को प्रकट करते हुए सिर भी मुंडवाया और इसे अजित दादा पवार के प्रति अपने प्रेम, आभार और समर्पण का प्रतीक बताया। कार्यक्रम के दौरान शांति सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

“अजित दादा का जाना पूरे राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति”

शोक सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि अजित दादा पवार का असमय निधन केवल महाराष्ट्र या राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि अजित दादा एक विकास पुरुष ही नहीं, बल्कि युग पुरुष भी थे और उनके जाने से जो खालीपन बना है, उसे निकट भविष्य में भर पाना असंभव प्रतीत होता है।

वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर दिवंगत नेता के प्रति अपनी व्यक्तिगत निष्ठा और स्नेह व्यक्त करते हुए पूर्व मंत्री श्री कमलेश कुमार सिंह पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे। साथ ही राकंपा महामंत्री आदर्श सिंह, राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस झारखंड के अध्यक्ष श्री अर्जुन कर्मकार, कर्णी सेना के प्रदेश अध्यक्ष श्री बिनोय सिंह, धनबाद जिला अध्यक्ष श्री सोहराब अली, बोकारो जिला अध्यक्ष यसवीर सिंह, हजारीबाग जिला अध्यक्ष श्री महेश ठाकुर, पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद अरिफ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शोक की घड़ी में पार्टी एकजुट

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि अजित दादा पवार के विचार, संघर्ष और विकास की सोच को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शांति सभा के माध्यम से पूरे प्रदेश में शोक और एकजुटता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *