देवघर पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार
देवघर: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को झारखंड के देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, डीआईजी संथाल परगना अंबर लकड़ा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार मौजूद रहे। इसके साथ ही पुलिस जवानों द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन, बीएलओ से होगी अहम बातचीत
दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके अलावा वे बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से मुलाकात कर निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची और चुनावी तैयारियों को लेकर संवाद करेंगे।
चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम दौरा
अधिकारियों के अनुसार यह दौरा आगामी चुनावों की तैयारी, मतदाता जागरूकता और जमीनी स्तर पर चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्वाचन आयोग का यह प्रयास लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने की दिशा में देखा जा रहा है।
