बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला: “छात्रवृत्ति न मिलना शिक्षा व्यवस्था पर कलंक”
रांची, 4 नवंबर 2025 | न्यूज़ मॉनिटर रिपोर्ट
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि छात्रवृत्ति न मिलने के कारण बच्चों की पढ़ाई रुक जाना, राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर सबसे बड़ा कलंक है। मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि झारखंड में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लाखों आवेदन महीनों से लंबित पड़े हैं, जिससे गरीब परिवारों के छात्र गंभीर संकट में हैं।
गरीब छात्रों की पढ़ाई पर संकट
मरांडी ने कहा कि छात्रवृत्ति राशि नहीं मिलने से कई गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई ठप हो गई है। फीस जमा करने, किताबें खरीदने और हॉस्टल खर्च उठाने में छात्र असमर्थ हैं। उन्होंने दावा किया कि कई माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए कर्ज लेने को विवश हैं ताकि उनके सपने अधूरे न रह जाएं।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक, कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी.
सरकार पर लापरवाही का आरोप
भाजपा नेता ने कहा कि छात्र पिछले कई महीनों से लगातार छात्रवृत्ति भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि “गूंगी-बहरी सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही,” जिससे छात्रों में गहरी निराशा है।
मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की है कि वे तत्काल सभी लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के भुगतान का निर्देश दें, ताकि छात्रों की शिक्षा बाधित न हो। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि शिक्षा और छात्र हितों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता दिखाई जाए।
