शिक्षकों के संघर्ष की 25 साल की यात्रा पूरी, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने मनाई रजत जयंती

झारखंड/बिहार रोज़गार समाचार

अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने मनाई 25वीं वर्षगांठ

भव्य समारोह में शामिल हुए सैकड़ों शिक्षक
29 अक्टूबर 2025 को झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) सभागार में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की स्थापना की रजत जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में सैकड़ों शिक्षक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राजेश कच्छप बोले – प्राथमिक शिक्षक शिक्षा की नींव हैं
मुख्य अतिथि उपनेता प्रतिपक्ष एवं खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की बुनियाद हैं। सरकार शिक्षकों की एमएसीपी और अन्य लंबित मांगों पर गंभीर है।
उन्होंने कहा कि टीईटी से संबंधित न्यायालय का आदेश अनावश्यक है, और जरूरत पड़ी तो वे सड़कों पर उतरकर भी संघ के साथ खड़े रहेंगे।

संघ की 25 वर्ष की संघर्षपूर्ण यात्रा
महासचिव राममूर्ति ठाकुर ने कहा कि शिक्षकों के वेतन और अधिकारों के लिए 29 अक्टूबर 2000 को संघ की स्थापना हुई थी। पिछले 25 वर्षों में संघ ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
संस्थापक उत्तिल यादव ने कहा कि यह 25 वर्ष संघर्ष और समर्पण से भरे रहे हैं।

शिक्षकों की एकजुटता ही संघ की ताकत : अनूप केशरी
प्रदेश अध्यक्ष अनूप केशरी ने कहा कि आने वाले समय में संघ और मजबूत होकर शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करेगा।
मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने संघ के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संगठन राज्य की शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में सम्मान और श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। सुषमा नाग और उनकी टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
स्वर्गीय शिक्षकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई और सभी पूर्व अध्यक्षों एवं महासचिवों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख चेहरे
इस अवसर पर हरेकृष्ण चौधरी, दीपक दत्ता, असदुल्लाह, राकेश कुमार, अजय ज्ञानी, सलीम सहाय, कमलेश गुप्ता, सतीश बड़ाइक, सच्चिदानंद सिंह, प्रवीण कुमार सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *