कश्मीर पर अमेरिकी हस्तक्षेप को लेकर भाकपा माले का हमला, कहा – मोदी सरकार ने देश को शर्मसार किया
रांची – मोदी सरकार की विदेश नीति पर भाकपा (माले) ने तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कश्मीर मसले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मध्यस्थता का अवसर देकर केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। इसे कूटनीतिक विफलता बताते हुए पार्टी ने भाजपा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
शिमला समझौते का उल्लंघन, भाजपा निकाले माफी यात्रा : भाकपा माले
राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि यह शर्मनाक है कि जिस कश्मीर मसले को भारत ने हमेशा द्विपक्षीय माना, उस पर भाजपा सरकार ने तीसरे पक्ष को स्थान दिया। यह न केवल शिमला समझौते का उल्लंघन है बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय स्थिति को भी नुकसान पहुंचाने वाला कदम है। उन्होंने कहा, “भाजपा को देश से माफी मांगनी चाहिए और माफी यात्रा निकालनी चाहिए।”
इसे भी पढ़ें-
कर्नल सोफिया कुरैशी और विदेश सचिव को ट्रोल करने वालों पर चुप्पी क्यों?
भाकपा माले ने “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान और उसके बाद कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ भाजपा समर्थित ट्रोल ब्रिगेड द्वारा की गई ट्रोलिंग की निंदा की। पार्टी ने कहा कि न केवल कर्नल बल्कि विदेश सचिव विक्रम मिस्री और उनके परिवार को भी भाजपा आईटी सेल से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर गालियां और अश्लील टिप्पणियां दीं।
मनोज भक्त ने सवाल उठाया कि आखिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी पार्टी या सरकार ने अब तक इन देशसेवकों से माफी क्यों नहीं मांगी? उन्होंने ट्रोल अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
गोदी मीडिया का झूठ और सरकार की चुप्पी
भाकपा माले ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तथाकथित “गोदी मीडिया” ने झूठी खबरें और उन्माद फैलाकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि सेना की ओर से बार-बार स्पष्टीकरण दिए जाने के बावजूद मीडिया में भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की गईं।
उन्होंने कहा कि जहां गोदी मीडिया को खुली छूट मिली हुई है, वहीं तथ्यों पर आधारित पत्रकारिता करने वाले मीडिया हाउस और यूट्यूबर जैसे “द वायर” और “4 पीएम” को सरकार निशाना बना रही है।
“भाजपा अपने राजनीतिक स्वार्थ में देशहित भूल रही है”
मनोज भक्त ने अंत में कहा कि विपक्ष के सहयोग के बावजूद भाजपा हर गंभीर मसले पर केवल राजनीतिक स्वार्थ साधने में लगी रहती है। उन्होंने कहा कि यह समय है जब भाजपा और उसकी सरकार को देश से क्षमा मांगनी चाहिए।
